24 फरवरी, 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 75,000 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM -Kishan) लॉन्च की। इस योजना की शुरुआत 1 करोड़ से अधिक लघु और सीमांत किसानों के खातों में 2,000 रुपये की पहली किस्त को डिजिटल रूप से स्थानांतरित करके की गई।
मुख्य बिंदु
उल्लेखनीय है कि 1 फरवरी, 2019 को केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत 2019 - 20 के अंतरिम बजट में छोटे और सीमांत किसानों को निश्चित आय सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम - किसान) की घोषणा की गई थी। इस योजना के तहत दो हेक्टेयर तक कृषि भूमि रखने वाले किसान परिवारों को 6 हजार रुपये प्रतिवर्ष की दर से प्रत्यक्ष भुगतान किया जाएगा।
यह राशि लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में 2 - 2 हजार की तीन समान किश्तों में प्रत्यक्ष रूप से भुगतान की जाएगी। इस कार्यक्रम का वित्त पोषण भारत सरकार द्वारा किया जाएगा। इस योजना से लगभग 12 करोड़ छोटे और सीमांत किसान परिवारों के लाभान्वित होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि अधिकांश छोटे किसान परिवारों को न केवल निश्चित पूरक आय उपलब्ध कराएगा, बल्कि विशेष रूप से फसल कटाई सीजन से पूर्व किसानों की आकस्मिक जरूरतों को भी पूरा करने में मदद करेगा।