भारत में निर्वाचन आयोग के विषय में जानकारी भाग-2

चुनाव से पहले नामांकन , मतदान और गिनती की तिथियों की घोषणा की जाती है । चुनावों की तिथि की घोषणा के दिन से आदर्श आचार संहिता लागू हो जाती है । किसी भी पार्टी को चुनाव प्रचार के लिए सरकारी संसाधनों को उपयोग करने की अनुमति नहीं होती है । आचार संहिता के नियमों के अनुसार मतदान की समाप्ति से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार बंद कर दिया जाना चाहिए । मतदान के दिन से एक दिन पहले चुनाव प्रचार समाप्त हो जाता है । सरकारी स्कूलों और कॉलेजों को मतदान केंद्रों के रूप में चुना जाता है, मतदान कराने की जिम्मेदारी प्रत्येक जिले के जिलाधिकारी की होती है । बहुत से सरकारी कर्मचारियों को मतदान केंद्रों में लगाया जाता है। मैसूर पेंटस और वार्निश लिमिटेड द्वारा तैयार एक अमिट स्याही का प्रयोग आमतौर पर मतदान के संकेत के रूप में मतदाता के बाईं तर्जनी अंगुली पर निशान लगाने के लिए किया जाता है,  इस कार्यप्रणाली का उपयोग 1962 के आम चुनाव के बाद से फर्जी मतदान रोकने के लिए किया जा रहा है । चुनाव में जिस इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का प्रयोग किया जा रहा है उसे भारी सुरक्षा के बीच एक मजबूत कमरे में जमा किया जाता है । चुनाव के विभिन्न चरण पूरे होने के बाद , मतों की गिनती का दिन निर्धारित किया जाता है । मतों की गिनती के बाद सबसे अधिक वोट प्राप्त करने वाले उम्मीदवार को निर्वाचन क्षेत्र का विजेता घोषित किया जाता है । सबसे अधिक सीटें प्राप्त करने वाले पार्टी या गठबंधन को केन्द्र के आम चुनाव में राष्ट्रपति द्वारा तथा राज्य विधानसभाओं के चुनाव में राज्यपाल द्वारा नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाता है। सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी या गठबंधन को सदन में साधारण बहुमत ( न्यूनतम 50 % ) प्राप्त करके विश्वास मत के दौरान सदन में अपना बहुमत साबित करना आवश्यक होता है ।
Posted on by