2014 के बाद अब 31 न्यायाधीश की गिनती पूरी हुई उच्चतम न्यायालय की

चार नये न्यायाधीशों की नियुक्ति को मंजूरी सुप्रीम कोर्ट में अब क्षमता के मुताबिक 31 न्यायाधीश

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अनिरुद्ध बोस, गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस ए. एस. बोपन्ना, बॉम्बे हाई कोर्ट के जज जस्टिस भूषण रामकृष्ण गवई और हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत को सुप्रीम कोर्ट के जज नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है।

                 वर्ष 2014 के बाद पहली बार होगा कि सुप्रीम कोर्ट में स्वीकृत संख्या के मुताबिक पूरे 31 जज होंगे। चारों जल्दी ही शपथ लेंगे। कॉलेजियम ने केंद्र सरकार की आपत्ति को किया था दरकिनार। कॉलेजियम ने अपनी सिफारिश को वापस केंद्र को भेजते हुए कहा था कि वरिष्ठता को इन मामलों में अवश्य देखा जाता है लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही ये भी तय किया है कि वरिष्ठता के अलावा किसी हाई कोर्ट जज को सुप्रीम कोर्ट का जज नियुक्त करने के लिए उसकी योग्यता को उससे ज्यादा तरजीह दी जानी चाहिए।

जस्टिस अनिरुद्ध बोस: -  19 जनवरी, 2004 को कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था और 11 अगस्त 2018 को उन्हें झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया था। गौरतलब है कि जस्टिस बोस अखिल भारतीय आधार पर उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की संयुक्त वरिष्ठता में 12 वें क्रम पर हैं। जस्टिस ए. एस. बोपन्ना: संक्षेप में जस्टिस ए. एस. बोपन्ना को 6 जनवरी, 2006 को कर्नाटक उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था और 29 अक्टूबर, 2018 को उन्हें गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। गौरतलब है कि जस्टिस बोपन्ना अखिल भारतीय आधार पर उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की संयुक्त वरिष्ठता में 36 वें क्रम पर हैं।

जस्टिस भूषण रामकृष्ण गवई: - 14 नवंबर, 2003 को बॉम्बे हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था। गौरतलब है कि उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की अखिल भारतीय आधार पर संयुक्त वरिष्ठता में वो 8 वें नंबर पर हैं। यह ध्यान देने योग्य बात है कि जस्टिस भूषण रामकृष्ण गवई की नियुक्ति से सुप्रीम कोर्ट के पास लगभग एक दशक के बाद अनुसूचित जाति श्रेणी का एक जज होगा। वो 2025 को देश के मुख्य न्यायाधीश भी होंगे।

जस्टिस सूर्यकांत: -  9 जनवरी, 2004 को पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था और 5 अक्टूबर, 2018 को उन्हें हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। गौरतलब है कि जस्टिस सूर्यकांत अखिल भारतीय आधार पर उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की संयुक्त वरिष्ठता में 11 वें क्रम पर हैं। 

Posted on by