‘ज्ञान आधरित अर्थव्यवस्था’ (Knowledge based Economy) का तात्पर्य अर्थव्यवस्था का ज्ञान पर आधारित होने से है। इसमें ज्ञान के सृजन एवं ज्ञान के प्रबंधन को भी शामिल किया जाता है। वर्तमान समय तकनीकी प्रधान है अर्थात जो देश तकनीकी के मामले में जितना अग्रणी होगा उसका आर्थिक आधार उतना ही सशक्त होगा। तकनीकी प्रगति के लिए ज्ञान का आधार अति आवश्यक है। ज्ञान के आधार पर ही नवाचार को गति प्रदान की जा सकती है तथा नवाचार ही नवोन्मेष एवं तकनीकी प्रगति का मार्ग प्रशस्त करता है।
सशक्त आर्थिक प्रगति के लिए ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था क्यों महत्वपूर्ण है?
सशक्त आर्थिक प्रगति के लिए ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि ज्ञान का प्रयोग प्राथमिक, द्वितीयक एवं तृतीयक तीनों ही क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है।
- ज्ञातव्य है कि अकुशल कर्मी की अपेक्षा कुशल कर्मी की उत्पादकता काफी अधिक होती है जिसके कारण ही कुशल कार्मिकों की भारी मांग होती है। एक बेहतर प्रशिक्षित कार्मिक का निर्माण ज्ञान के द्वारा ही सम्भव है।
- ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था की नींव सर्वप्रथम 1966 में पीटर ड्रकर के द्वारा रखी गयी उन्होने अपनी पुस्तक ‘द इपेफक्टिव एग्जीक्यूटिव’ (The Effective) में अकुशल एवं कुशल (ज्ञानवान) कर्मी के बीच अंतर स्पष्ट किया।
अर्थव्यवस्था के प्राथमिक, द्वितीयक एवं तृतीयक क्षेत्र में ज्ञान के मजबूत आधार की जरूरत क्यों हैं?
- प्राथमिक क्षेत्र मसलन कृषि, खनन आदि क्षेत्र में ज्ञान के आधार की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। बेहतर ज्ञान से युक्त किसान उन्नत बीजों एवं उर्वरकों का प्रयोग कर अधिकाधिक उत्पादन को संभव बनाते हैं जबकि परम्परागत सोच वाले किसान उत्पादन के मामले में काफी पीछे होते हैं।
- इसी प्रकार द्वितीयक अर्थात विनिर्माण क्षेत्र में ज्ञान का बहुत अधिक महत्व है। ज्ञातव्य है कि वर्तमान समय चतुर्थ औद्योगिक क्रांति का है जिसमें ज्ञान एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता को वरीयता प्रदान की जा रही है।
- सबसे बढ़कर तृतीयक क्षेत्र मसलन सेवा क्षेत्र का तो आधार ही ज्ञान होता है। अधिकांश सेवाओं मसलन वकील, डॉक्टर, शिक्षक, कंसल्टेन्ट आदि का आधार ज्ञान ही होता है।
निष्कर्ष : निष्कर्षतः कहा जा सकता है कि ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था ही वर्तमान समय में सशक्त आर्थिंक प्रगति का आधार है। ज्ञान के सशक्त आधार का होना प्राथमिक के साथ-साथ द्वितीयक एवं तृतीयक क्षेत्र को भी मजबूती प्रदान करता है।