सूचना प्रौद्योगिकी के इस युग में सोशल मीडिया का प्रयोग बढ़ता जा रहा है। सोशल मीडिया ने लोगों की अभिवृत्ति को परिवर्तित करने में किस प्रकार की भूमिका अदा की है? साथ ही बताइए कि समाज एवं राजनीति को इसने किस प्रकार प्रभावित किया है?

सूचना-प्रौद्योगिकी के इस युग में सोशल मीडिया ने लोगों को स्वयं को अभिव्यक्त करने का एक मंच उपलब्ध कराया है। फेसबुक, वाट्सएप, ट्विटर आदि सोशल मीडिया के प्रचलित माध्यम हैं। सबसे बढ़कर लोग इन माध्यमों के जरिए अपनी पहचान को गुप्त रखते हुए निर्भयतापूर्वक अपनी राय व्यक्त कर सकते हैं।

लोगों की अभिवृत्ति को परिवर्तित करने में सोशल मीडिया की भूमिका

  • अभिवृत्ति को परिवर्तित करने के लिए भावात्मक, संज्ञानात्मक एवं व्यवहारात्मक तीनों पक्षों का होना जरूरी होता है। ज्ञातव्य है कि सोशल मीडिया में इन तीनों कारकों का समावेश होता है अतः सोशल मीडिया, अभिवृत्ति को परिवर्तित करने में अहम भूमिका अदा करता है।
  • सोशल मीडिया के माध्यम से लोग विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय व्यक्त करते हैं। इन रायों पर लोग तर्क-वितर्क करते हैं तथा एक निश्चित दृष्टिकोण तक पहुँचने का प्रयास करते हैं। यह निश्चित दृष्टिकोण लोगों की अभिवृत्ति को स्वरूप प्रदान करने में अहम भूमिका अदा करता है।
  • सोशल मीडिया के माध्यम से क्रोध, दुःख, खुशी, परोपकार आदि से संबंधित सूचनाओं का वृहद रूप में प्रसार किया जाता है जिससे लोगों की अभिवृत्ति में गहरा प्रभाव पड़ता है।
  • सोशल मीडिया के द्वारा अनेक प्रकार के विज्ञापन प्रसारित किये जाते हैं जो लोगों की आम धारणा बनाने में मददगार होते हैं।
  • किंतु सोशल मीडिया के नकारात्मक पक्ष भी हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को धार्मिक मुद्दों के प्रति गोलबंद किया जाता है तथा कट्टरपंथी विचारधारा का प्रसार कर लोगों को नकारात्मक रूप से प्रभावित किया जाता है। इस प्रकार सोशल मीडिया अभिवृत्ति को नकारात्मक रूप में भी प्रभावित करता है।

सोशल मीडिया का समाज पर प्रभाव

समाज पर सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं नकारात्मक दोनों प्रकार के प्रभाव देखने को मिलते हैं-

  • सोशल मीडिया ने अनेक महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों के प्रति लोगों का ध्यान आकर्षित किया है जिससे इनके सुधार के रास्ते सामने आये हैं। उदाहरण के तौर पर यौन उत्पीड़न, अल्पसंख्यक एवं दलित तथा वंचित समुदाय की समस्याओं आदि को उठाकर सोशल मीडिया ने सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन लाने का प्रयास किया है।
  • दूसरी ओर सोशल मीडिया ने नकारात्मक रूप से भी समाज को प्रभावित किया है। ज्ञातव्य है कि पहचान को गुप्त रखते हुए कई लोगों ने भड़काऊ एवं गलत सूचनाओं को प्रसारित कर समाज का अहित भी किया है।

सोशल मीडिया का राजनीति पर प्रभाव

सोशल मीडिया ने राजनीति को भी सकारात्मक एवं  नकारात्मक रूप से प्रभावित किया है-

  • सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार अपनी योजनाओं का प्रसार करती है तथा आम जनता से विभिन्न मुद्दों पर राय माँगती है। इससे जनोन्मुखी नीतियाँ बनाने में मदद मिलती है।
  • दूसरी ओर कभी-कभी राजनीतिक दलों के द्वारा सोशल मीडिया का प्रयोग ‘निहित स्वार्थी’ उद्देश्यों की पूर्ति एवं विपक्षी दल की अनुचित आलोचना के लिए भी किया जाता है। इससे नकारात्मक राजनीति को बढ़ावा मिलता है।

निष्कर्ष : निष्कर्षतः कहा जा सकता है कि सोशल मीडिया ने लोगों की अभिवृत्ति को परिवर्तित करने में अहम भूमिका अदा की है। साथ ही इसने समाज एवं राजनीति को भी सकारात्मक एवं नकारात्मक दोनों रूपों से प्रभावित किया है।

Posted on by