?कॉरपोरेट सोशल रिस्पाँसिबिलिटी? से आप क्या क्या समझते हैं, सविस्तार स्पष्ट कीजिए? ?कॉरपोरेट सोशल रिस्पाँसिबिलिटी? सिर्फ समाज के लिए ही लाभकारी नहीं है बल्कि इसका लाभदायक प्रतिफल स्वयं कंपनियों को भी प्राप्त होता है, इस कथन की पुष्टि कीजिए।

कॉरपोरेट सोशल रिस्पाँसिबिलिटी’ (Corporate Social Responsibility) किसी कंपनी अथवा निगम के द्वारा की गयी वह पहल है जिसके तहत् कंपनी अथवा निगम समाज एवं पर्यावरण के हित में कदम उठाते हैं। वस्तुतः किसी कंपनी अथवा निगम के द्वारा समाज एवं पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझना और उनके हित के लिए कदम उठाना ही ‘कॉरपोरेट सोशल रिस्पाँसिबिलिटी’ है।

‘कॉरपोरेट सोशल रिस्पाँसिबिलिटी’ की अवधारणा प्रदान करने एवं ग्रहण करने (Give and Take)  की विचारधारा पर आधारित है। चूँकि कॉरपोरेट क्षेत्र समाज से कच्चा माल एवं मानव संसाधन प्राप्त करता है अतः उसकी जिम्मेदारी बनती है कि वह समाज को बदले में कुछ प्रदान करें। भारत सरकार के द्वारा वर्ष 2013 में कंपनी अधिनियम पारित किया गया जिसमें प्रावधान किया गया कि प्रत्येक वह कंपनी, जिसकी नेटवर्थ 500 करोड़ रूपये या उससे अधिक है, जिसका टर्नओवर 1000 करोड़ या उससे अधिक है या जिसका शुद्ध लाभ 5 करोड़ या उससे अधिक है, अपने पिछले तीन वर्षों के कुल लाभ का 2 प्रतिशत हिस्सा समाज एवं पर्यावरण के हित में खर्च करेगी।

            ‘कॉरपोरेट सोशल रिस्पाँसिबिलिटी’ समाज के लिए तो लाभकारी है ही साथ ही यह स्वयं कंपनियों एवं निगमों के लिए भी लाभकारी है।  

कॉरपारेट सोशल रिस्पाँसिबिलिटीसमाज के लिए किस प्रकार लाभकारी है?

  • ‘कॉरपोरेट सोशल रिस्पाँसिबिलिटी’ के अंतर्गत कंपनियाँ एवं निगम अपने लाभ का एक निश्चित हिस्सा समाज के कल्याण में तथा पर्यावरण के संरक्षण में खर्च करते हैं जिससे समाज कईं प्रकार से लाभान्वित होता है।
  • उदाहरण के तौर पर ‘सीएसआर’ (CSR) के अंतर्गत कंपनियों एवं निगमों के द्वारा स्कूलों और अस्पतालों का निर्माण करवाया जाता है। इसके अलावा पेयजल, साफ-सफाई और शौचालय आदि की व्यवस्था की जाती है जिससे समाज व्यापक रूप से लाभान्वित होता है।
  • कुछ कंपनियाँ वृक्षारोपण के कार्य में भी अहम भूमिका अदा कर रहीं है तथा कुछ के द्वारा सौर ऊर्जा उपकरण आवंटित कर गरीबों के घर में रोशनी फैलाने का कार्य किया जा रहा है। इन कदमों से पर्यावरण को संरक्षित रखने में मदद मिलती है।
  • सबसे बढ़कर ‘सीएसआर’ (CSR) के अंतर्गत कंपनियों एवं निगमों के द्वारा कौशल विकास एवं महिला सशक्तिकरण (रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर) के प्रयास भी किये जा रहे हैं।

कॉरपोरेट सोशल रिस्पाँसिबिलिटी का लाभ कंपनियों को किस प्रकार प्राप्त होता है?

कॉरपोरेट सोशल रिस्पाँसिबिलिटी का लाभ स्वयं कंपनियों को भी प्राप्त होता है क्योंकि उनके द्वारा सामाजिक हित में जो धन खर्च किया जाता है उससे कंपनी के प्रति लोगों के मन में विश्वास बढ़ता है।

  • कंपनी के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ने से कंपनी के उत्पाद या उसके द्वारा प्रदत्त सेवायें लोकप्रिय होती है। इससे कंपनी के लाभ में वृद्धि होती है।
  • सबसे बढ़कर इससे कंपनी की साख बढ़ती है जिससे कंपनी को सरकार का भी सहयोग प्राप्त होता है और इससे कंपनी के लिए निवेश को आकर्षित करना भी आसान हो जाता है।

निष्कर्ष : निष्कर्षतः कहा जा सकता है कि ‘कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व’ से समाज एवं पर्यावरण तो लाभान्वित होता ही है, साथ ही इससे कंपनी को भी लाभ प्राप्त होता है। सबसे बढ़कर कंपनी को अधिक स्थायित्व मिलता है।

Posted on by