केन्द्र सरकार के द्वारा विद्युतीकरण की समुचित निगरानी के लिए ?सौभाग्य? नामक वेब पोर्टल की शुरूआत की गई

‘सौभाग्य’ नामक वेब पोर्टल की शुरूआत ‘प्रधनमंत्री सहज बिजली हर घर योजना’ अर्थात् सौभाग्य योजना के तहत् की गई है। यह वेब पोर्टल विद्युतीकरण की समग्र निगरानी करने में सक्षम होगा। यह घरों के विद्युतीकरण की प्रगति की स्थिति ग्राम, जिला एवं राज्य के स्तर पर मासिक तौर पर प्रदान करेगा जिससे विद्युतीकरण की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।

  • उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार के द्वारा दिसम्बर, 2018 तक देश के प्रत्येक घर में बिजली पहुँचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह वेब पोर्टल केन्द्र सरकार के इस उपर्युक्त लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायक होगा।
  • ‘सौभाग्य’ वेब पोर्टल के द्वारा बिजली वितरण कंपनियाँ तथा राज्य बिजली विभाग इलेक्ट्रॉनिक रूप में आँकड़े एकत्रित कर सकेंगे जिससे उन्हें यह पता लगाने में आसानी होगी कि किस घर में बिजली का कनेक्शन उपलब्ध है।
  • ‘सौभाग्य’ वेब पोर्टल में ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युतीकरण के संबंध में जागरूकता लाने के लिए शिविरों के आयोजन का भी ‘फीचर’ उपलब्ध है। इस ‘फीचर’ के अनुरूप बिजली वितरण कंपनियों के द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में शिविरों का आयोजन किया जायेगा तथा तत्काल आवेदन करने पर बिजली का कनेक्शन भी प्रदान किया जायेगा।
  • ‘सौभाग्य’ वेब पोर्टल देश के ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में विद्युतीकरण में न सिर्फ तीव्रता लायेगा बल्कि पारदर्शिता सुनिश्चित कर गुणवत्ता में भी सुधार लायेगा। इससे गरीबों को बिजली के बिल के भुगतान में भी मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि भारतीय प्रधनमंत्री के द्वारा 25 सितम्बर, 2017 को ‘सौभाग्य’ योजना की शुरूआत की गई। इस योजना का उद्देश्य दिसम्बर, 2018 तक ग्रामीण क्षेत्रों के सभी इच्छुक घरों एवं शहरी क्षेत्रों के गरीब परिवारों को निःशुल्क विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराना है।
Posted on by