20 नवम्बर, 2017 को अमेरिकी अंतरिक्ष एजेन्सी ‘नासा’ (National Aeronautics and Space Administration) के द्वारा सफलतापूर्वक सुपरसोनिक लैंडिंग पैराशूट का परीक्षण किया गया। इस पैराशूट को वर्ष 2020 में लाँच किये जाने वाले ‘नासा’ के मंगल रोवर मिशन के लिए प्रयुक्त किया जायेगा।
- वर्ष 2020 में लाँच किये जाने वाले मार्श रोवर मिशन के लिए पैराशूट का प्रयोग किया जायेगा। पैराशूट का प्रयोग स्पेसक्रॉफ्रट की गति को उस समय धीमा करने के लिए किया जायेगा जब यह मंगल ग्रह के वायुमंडल में प्रवेश करेगा।
- इस पैराशूट को 17.7 मीटर लम्बे ब्रेंट-9 साउंडिंग रॉकेट के द्वारा प्रक्षेपित किया गया। ज्ञातव्य है कि पैराशूट के संबंध में अमेरिका में ‘एस्पायर’ (ASPIRE-Advanced Supersonic Parachute Inflation Research Experiment) संचालित किया जा रहा है।
क्या है नासा का मार्श 2020 मिशन?
नासा के मार्श 2020 मिशन के तहत मंगल ग्रह पर एक रोवर उतारा जायेगा जो मंगल ग्रह पर जीवन के अस्तित्व संबंधी प्रमाण को एकत्रित करेगा। रोवर के द्वारा मंगल ग्रह पर अपने खोज अभियान के तहत खुदाई की जायेगी और ऐसे नमूने एकत्रित किये जायेंगे जिससे मंगल ग्रह में माइक्रोबियल जीवन के साक्ष्य प्राप्त हो सके। सबसे बढ़कर इस रोवर के द्वारा मंगल के वायुमंडल में ऑक्सीजन उत्पन्न करने के लिए विभिन्न प्रकार की विधियों का परीक्षण भी किया जायेगा।