भारत को एक सशक्त साइबर सुरक्षा रणनीति की जरूरत क्यों है, सविस्तार स्पष्ट कीजिए? सशक्त साइबर सुरक्षा रणनीति के प्रमुख उद्देश्य क्या हैं? साथ ही बताइए साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में एक सशक्त आधार के निर्माण के लिए भारत के द्वारा किस प्रकार के कदम उठाये जाने चाहिए?

 सूचना प्रौद्योगिकी ने जहाँ मानव समुदाय के लिए नवीन अवसर सृजित किये हैं वहीं दूसरी ओर कई प्रकार की चुनौतियाँ भी उत्पन्न की हैं। साइबर हमले इन्हीं चुनौतियों में से एक है। वन्नाक्राई एवं रैनसमवेयर जैसे हमले इस बात की पुष्टि करते हैं कि साइबर हमलों में लगातार वृद्धि हो रही है।

भारत को एक सशक्त साइबर सुरक्षा रणनीति की जरूरत क्यों हैः

  • भारत सरकार के द्वारा डिजिटल इंडिया पर जोर दिया जा रहा है जिसके तहत डाटा का इलेक्ट्रॉनिक संग्रहण जरूरी है। किंतु इस विशाल डाटा के संरक्षण के लिए एक साइबर सुरक्षा रणनीति का होना जरूरी है।
  • कुछ समय पूर्व देश के 25 बैंकों को साइबर हमले का सामना करना पड़ा जिसके कारण कई लाख एटीएम रद्द कर नये एटीएम जारी किये गये। इन घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए सशक्त साइबर सुरक्षा व्यवस्था का होना अनिवार्य है।
  • एक प्रख्यात राजनेता के ट्विटर एकाउंट का हैक होना तथा भारतीय क्रिकेट टीम के एक पूर्व कप्तान के आधार कार्ड से सम्बंधित जानकारी का लीक होना दर्शाता है कि देश में डाटा की सुरक्षा से सम्बंधित व्यवस्था काफी कमजोर है।

सशक्त साइबर सुरक्षा रणनीति के प्रमुख उद्देश्यः

  • सशक्त साइबर सुरक्षा रणनीति के प्रमुख उद्देश्य साइबर अपराधों की संख्या में प्रभावी कमी लाना है। ज्ञातव्य है कि सूचना - प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत वर्ष 2011 से 2014 के बीच साइबर अपराधों की संख्या में 350 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुयी है।
  • देश मे एक सुरक्षित साइबरस्पेस का निर्माण करना एवं विनियामक फ्रेमवर्क का निर्माण करना।

साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में सशक्त आधार के निर्माण के लिए उठाये जाने वाले जरूरी कदमः

  • दुनिया के विभिन्न देशों विशेषकर तकनीकी रूप से विकसित देशों के साथ साइबर सुरक्षा के मामले में द्विपक्षीय समझौतों को अधिकाधिक रूप में लागू करना।
  • राष्ट्रीय स्तर पर चौबीस घण्टे कार्यरत रहने वाले कम्प्यूटर आपात प्रतिक्रिया टीम का गठन करना।
  • एक ऐसी निःशुल्क दूरभाष सेवा शुरू की जानी चाहिए ताकि कोई भी व्यक्ति किसी भी समय साइबर अपराधों के सम्बंध में शिकायत दर्ज करा सके।
  • साइबर सुरक्षा के सम्बंध में राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख संस्थानों को शामिल करना चाहिए ताकि इस सम्बंध में शोध प्रक्रिया को बढ़ावा दिया जा सके।
  • लोगों को डिजिटल रूप से साक्षर बनाना ताकि वे ऑनलाइन ठगी आदि का शिकार होने से बच सके।
  • साइबर सुरक्षा के सम्बंध में लोगों को जागरूक बनाने के लिए साइबर सुरक्षा अवधारणा लैब की स्थापना की जानी चाहिए।
  • सरकार, उद्योग एवं शिक्षा विभाग के बीच अधिकाधिक सहयोग को बढ़ावा देना ताकि प्रभावी शोध एवं विकास का वातावरण सृजित किया जा सके।

निष्कर्षः- निष्कर्षतः कहा जा सकता है कि देश में एक सशक्त साइबर सुरक्षा रणनीति का प्रमुख उद्देश्य एक सुरक्षित साइबर स्पेस का निर्माण कर साइबर हमलों से देश को सुरक्षित बनाना है।

Posted on by