मशीन लर्निंग से अभिप्राय मशीनों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) का प्रयोग करके उन्हें डाटा तक पहुँच स्थापित कर स्वयं निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र छोड़ देने से है। दूसरे शब्दों में मशीनों को डाटा इनपुट प्रदान करके उन्हें डाटा के आधार पर निर्णय लेने के लिए पूरी स्वतंत्रता प्रदान करने से है। मशीनों के द्वारा जो निर्णय लिए जाते हैं उनके बारे में फीडबैक प्राप्त कर पता लगाया जाता है कि निर्णय कहाँ तक सही हैं।
मशीन लर्निंग की क्रियाविधि:
- मशीन लर्निंग के तहत सर्वप्रथम इच्छित डाटा को मशीनों में प्रयुक्त किया जाता है। बाद में इस डाटा को प्रसंस्कृत कर मशीनें निर्णय लेती हैं।
- मशीन लर्निंग के तहत मशीनों को इस योग्य बनाया जाता है कि वे किसी विषय को पढ़ सकें और यह पता लगा सकें कि विषय में क्या बात निर्देशित की गयी है।
मशीन लर्निंग का मानव समुदाय पर पड़ने वाला सकारात्मक प्रभावः
- मशीन लर्निंग के द्वारा जटिल कार्य को भी काफी कम समय में पूरा किया जा सकता है। जबकि यही कार्य यदि मनुष्य के द्वारा किया जायेगा तो उसे काफी अधिक समय लग सकता है।
- मशीन लर्निंग के द्वारा मनुष्य के लिए उत्पन्न होने वाले संकटों को कम किया जा सकता है। उदाहरण के तौर पर खनन सम्बंधी कार्यों में मानव कमियों के स्थान पर रोबोट आदि से कार्य कराया जा सकता है।
- बढ़ती हुयी जनसंख्या की जरूरतों को पूरा करने में भी मशीन लर्निंग की प्रमुख भूमिका हो सकती है। उदाहरण के तौर पर तीव्र परिवहन चालरहित कारों एवं ड्रोन आदि जैसी सेवाओं में मशीनों का प्रयोग किया जा सकता है।
- शोधकार्य में मशीन लर्निंग की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। ज्ञातव्य है कि विज्ञान, चिकित्सा आदि के क्षेत्र में विशालतम डाटा को बहुत ही कम समय में संसाधित किया जा सकता है और निष्कर्ष तक पहुंचा जा सकता है।
मशीन लर्निंग का मानव समुदाय पर पड़ने वाला नकारात्मक प्रभावः
- मशीन लर्निंग का सबसे बड़ा दुष्प्रभाव यह है कि इससे मानव कर्मियों के स्थान पर रोबोट आदि का प्रयोग बढ़ सकता है। यदि ऐसा हुआ तो बेरोजगारी की समस्या अधिक गम्भीर रूप धरण कर सकती है।
- मशीनों के प्रयोग में वृद्धि होने से समाज में असमानता बढ़ सकती है क्योंकि इनका प्रयोग धनी लोगों के द्वारा ही सम्भव है।
- सबसे बढ़कर यदि युद्ध आदि में मशीनों का प्रयोग किया जाता है तो इससे मानव समुदाय के लिए गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है।
निष्कर्षः निष्कर्ष कहा जा सकता है कि मशीन लर्निंग कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रयोग से सम्बंधित है। एक ओर जहां मशीन लर्निंग मानव समुदाय के लिए अनेक अवसरों का सृजन करने में सक्षम है वहीं इसके कुछ नकारात्मक पक्ष भी हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।