विकसित देशों के द्वारा अक्सर एशिया एवं अफ्रिका के गरीब एवं विकासशील देशों को आर्थिक मदद उपलब्ध करायी जाती है। इस आर्थिक मदद से सम्बंधित नैतिक मुद्दों का उल्लेख कीजिए तथा बताइए कि किन कारणों से यह मदद प्रभावी नहीं सिद्ध हो पाती? किन कदमों को उठाकर इस आर्थिक मदद का सही उपयोग किया जा सकता है?

विकसित देशों के द्वारा अक्सर एशिया एव अफ्रिका के गरीब एवं विकासशील देशों को आर्थिक मदद उपलब्ध करायी जाती है ताकि ये देश विकासपरक गतिविधियों को आगे बढ़ा सकें और दुनिया के अन्य देशों की भाँति विकास की मुख्यधारा में शामिल हो सकें। किंतु कुछ निहित कारणों से यह आर्थिक मदद प्रभावी नहीं साबित हो पाती।

विकसित देशों की आर्थिक मदद में निहित नैतिकता सम्बंधी मुद्देः

  • विकसित देशों के द्वारा जो आर्थिक मदद उपलब्ध करायी जाती है उसके पीछे कुछ निहित स्वार्थ होते हैं।
  • उदाहरण के तौर पर विकसित देश सम्बंधित देश की आंतरिक एवं विदेशी नीति में अपना प्रभुत्व स्थापित करना चाहते हैं। साथ ही उस देश की नीतियों को अपने हितों के अनुरूप ढालकर वहाँ उपलब्ध बाजार एवं कच्चेमाल पर अपना नियंत्रण स्थापित करना चाहते हैं।

विकसित देशों की मदद क्यों प्रभावी नहीं साबित हो पाती है?

  1. पारदर्शिता की कमी के कारण विकसित देशों के द्वारा दी जाने वाल आर्थिक मदद जरूरत मंदों तक नहीं पहुँच पाती है।
  2. स्वार्थ से प्रेरित होकर विकसित देश सम्बंधित देश के राजनेताओं को प्रसन्न करने के लिए आर्थिक मदद उपलब्ध कराते हैं। इनका आम जनता के हितों से कोई विशेष सम्बंध नहीं होता है।
  3. उदाहरण के तौर पर हाल ही में संयुक्त राज्य अमेरिका ने उससे सहायता पाने वाले सभी देशों को संयुक्त राष्ट्र में इजरायल के पक्ष में मतदान करने की बात कही।
  4. विकसित देशों की आर्थिक मदद धनी लोगों तक ही पहुँच पाती है। भ्रष्टाचार के कारण यह गरीबों तक नहीं पहुँच पाती जिससे उनके प्रति अन्याय होता है।

विकसित देशों की आर्थिक मदद का सही उपयोग किस प्रकार किया जा सकता है?

  • प्रदान की जाने वाली आर्थिक मदद का किसी स्वतंत्र निकाय के द्वारा मॉनीटरिंग की जानी चाहिए।
  • इस आर्थिक मदद का प्रयोग आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने, रोजगार उपलब्ध कराने तथा उत्पादनात्मक गतिविधियों में किया जाना चाहिए।
  • साथ ही दी गयी आर्थिक मदद का समय समय पर ऑडिट कराया जाना चाहिए।

निष्कर्षःनिष्कर्षतः कहा जा सकता है कि विकसित देशों के द्वारा गरीब एवं विकासशील देशों को जो मदद दी जाती है उसके पीछे निहित स्वार्थ होते हैं। उपर्युक्त कदमों के माध्यम से इस आर्थिक मदद का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सकता है।

Posted on by