आप रेलवे में यात्रा कर रहे हैं। चूँकि आपको रिजर्व टिकट नहीं मिल सका है अतः आप जनरल कोच में ही सवारी कर रहे हैं। अचानक एक वृद्ध महिला उस ट्रेन पर सवार होती है जिसे खड़े होने में समस्या महसूस हो रही थी। आप उस वृद्ध महिला की स्थिति को देखकर उसे अपनी सीट ऑफर कर देते है। किंतु जैसे ही आप खड़े होते हैं, आपके बगल में खड़ा एक व्यक्ति आपकी सीट में बैठ जाता है। यद्यपि आप उसे यह समझाने का प्रयास करते हैं कि आपने अपनी सीट उसके लिए नहीं बल्कि वृद्ध महिला के लिए छोड़ी है किंतु आपकी बातों की ओर वह कोई ध्यान नहीं देता है। (a) बताइए कि ऐसी स्थिति में आपके पास कौन-कौन से विकल्प मौजूद हैं। (b) इन विकल्पों का समुचित मूल्यांकन कीजिए। (c) आपके द्वारा कौन सा विकल्प चुना जायेगा? समुचित कारण बताइए।

प्रस्तुत मामला वंचित वर्गों के प्रति प्रदर्शित की जाने वाली संवेदनशीलता है। अपने से बड़ों का आदर एवं सार्वजनिक जीवन की दैनिक समस्याओं को सूझबूझ से हल करने की क्षमता पर आधारित है।

  1. इस समस्या के संदर्भ में मेरे समक्ष निम्नलिखित विकल्प उपलब्ध हैं-
  1. उस व्यक्ति को सीट खाली करने के लिए कहना। यदि वह नहीं मानता है तो आसपास के लोगों तथा रेलवे पुलिस का सहारा लेना।
  2. सम्बंधित व्यक्ति से भावनात्मक अपील करना ताकि वह वृद्ध महिला की समस्या को समझकर सीट स्वयं खाली कर दे।
  3. सम्बंधित व्यक्ति से विनम्रतापूर्वक बात करना तथा उसकी समस्या को समझना। यदि उसकी समस्या उचित प्रतीत होती है तो उसे ही सीट दे देना।

उपर्युक्त तीनों विकल्पों का मूल्यांकनः

प्रथम विकल्प का समुचित मूल्यांकनः

            चूँकि उस व्यक्ति ने वृद्ध महिला की समस्या को पूरी तरह नजरअंदाज किया है तथा सीट पर अनधिकृत कब्जा जमाय है अतः पहले उसे विनम्रता से सीट खाली करने के लिए कहना एवं न मानने पर आसपास के सहयात्रियों एवं रेलवे पुलिस की सहायता से सीट खाली करवाना। यद्यपि यह रास्ता उचित है किंतु हो सकता है कि उस व्यक्ति की तबियत खराब हो या अन्य कोई समस्या हो तो ऐसी स्थिति में यह विकल्प उचित नहीं होगा।

द्वितीय विकल्प का मूल्यांकनः

सम्बंधित व्यक्ति से भावनात्मक अपील का सहारा लेना अर्थात् उससे कहना कि मान लीजिए यदि वह वृद्ध महिला आपके परिवार की कोई सदस्य होती तो आप क्या करते। इस प्रकार की अपील उचित है किंतु यदि वह व्यक्ति स्वयं बीमार होगा या अन्य किसी स्वास्थ्य सम्बंधी समस्या से ग्रस्त होगा तो उसके ऊपर इस प्रकार की भावनात्मक अपील का अधिक प्रभाव नहीं पड़ेगा।

तृतीय विकल्प का मूल्यांकनः

तृतीय विकल्प समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण हो सकता है। इससे उस व्यक्ति को वास्तविक समस्या को समझा जा सकता है। यदि उसकी समस्या उचित है तो उसके साथ सहानुभूति जरूरी है किंतु यदि वह जानबूझकर समस्या बता रहा है तो उसके साथ सख्ती का व्यवहार ही उचित होगा। आसपास के सहयात्रियों एवं रेलवे पुलिस की मदद से सीट रिक्त करवाकर वृद्ध महिला को सीट उपलब्ध करायी जा सकती है।

मेरे द्वारा चुना गया विकल्प एवं उसके कारणः

मेरे द्वारा तृतीय विकल्प का चयन किया जायेगा क्योंकि इससे समस्या को ठीक प्रकार से समझकर उसका समाधान तलाशा जा सकता है।

कारणः इससे उस व्यक्ति की स्थिति को ठीक प्रकार से समझा जा सकेगा और वास्तविक स्थिति के अनुसार निर्णय लिया जा सकता है।

→ यदि उस व्यक्ति की समस्या उचित है तो उसे ही सीट प्रदान करने का निर्णय लिया जायेगा और वृद्ध महिला के लिए किसी अन्य सीट का प्रबंध किया जायेगा।

→ यदि वह व्यक्ति मनगढ़ंत्त समस्या प्रस्तुत करता है तो उसके साथ सख्ती का व्यवहार ही उचित होगा क्योंकि ऐसा व्यक्ति जो वृद्धों एवं विकलांगों के प्रति संवेदनशील नहीं है उसके साथ सख्ती का व्यवहार ही सही होगा।

Posted on by