हाल ही में प्रस्तुत किये गये केन्द्रीय बजट में सरकार ने दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य संरक्षण योजना लागू करने की घोषणा की है, स्पष्ट कीजिए। यह योजना पिछली योजना से किस प्रकार अलग होगी ? साथ ही बताइए कि यह स्वास्थ्य संरक्षण योजना गरीब एवं वंचित तबकों को किस प्रकार लाभान्वित करेगी ?

हाल ही में प्रस्तुत केन्द्रीय बजट में केन्द्र सरकार के द्वारा दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य संरक्षण योजना लागू की गयी है। इस योजना के तहत देश के 10 करोड़ गरीब परिवारों अर्थात 50 करोड़ गरीबों को इलाज की गारंटी प्रदान की गयी है।

वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में यह भी स्पष्ट किया है कि इस योजना का लाभ देश की शेष आबादी को भी दिया जा सकता है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक गरीब परिवार के पाँच लाख तक के इलाज खर्च का वहन सरकार के द्वारा किया जायेगा। सबसे बढ़कर इससे गरीब मँहगे निजी अस्पताल में इलाज करा सकेंगे तथा उन्हें निजी अस्पताल में कोई शुल्क नहीं देना होगा। इलाज पूर्णतः कैशलेश होगा। 

नवीन स्वास्थ्य संरक्षण योजना पुरानी योजना से किस प्रकार अलग होगी ?

  • पुरानी योजना के अंतर्गत केन्द्र सरकार राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के रूप में गरीब परिवारों को इलाज के लिए प्रतिवर्ष 30 हजार रूपये तक की सहायता प्रदान करती थी।
  • नयी स्वास्थ्य संरक्षण योजना के तहत देश के 10 करोड़ परिवारों अर्थात् 50 करोड़ लोगों को इलाज की गारंटी प्रदान करने की घोषणा की गयी है। इस प्रकार देश की 40 प्रतिशत आबादी के 5 लाख तक के इलाज का खर्च सरकार के द्वारा उठाया जायेगा।

नयी स्वास्थ्य संरक्षण योजना देश के गरीब एंव वंचित तबकों को किस प्रकार लाभान्वित करेगी ?

  • नयी स्वास्थ्य संरक्षण योजना के तहत देश की 40 प्रतिशत गरीब आबादी को कवर किया जायेगा।
  • आगे इस योजना के दायरे में शेष आबादी को भी शामिल किया जा सकता है जिससे अधिकांश आबादी स्वास्थ्य संरक्षण योजना के दायरे में आ जायेगी। यह बात बजट भाषण में वित्त मंत्री के द्वारा कही गयी है।
  • टी.बी. से पीड़ित मरीजों को बेहतर पोषण प्रदान  करने के उद्देश्य से उन्हे 500 रूपये प्रति महीने की सहायता देने की घोषणा की गयी है।
  • सरकार ने 24 नये मेडिकल कॉलेज खोलने की भी घोषणा की है। प्रत्येक तीन लोकसभा क्षेत्रों के बीच एक मेडिकल कॉलेज खोलने का लक्ष्य सरकार ने निर्धारित किया है।
  • इस नवीन स्वास्थ्य संरक्षण योजना के साथ ही सरकार ने आम लोगों के स्वास्थ्य की बेहतर व्यवस्था के लिए एक अन्य योजना की भी घोषणा की है। इसके तहत पूरे देश में 1.5 लाख हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर भी खोले जायेंगे।
  • उल्लेखनीय है कि आम जनता के स्वास्थ्य की समग्र देखभाल के लिए उनके घर के समीप ही बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने हेतु राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति-2017 में हेल्प एंड वेलनेस सेंटर खोलने की बात कही गयी थी।

निष्कर्षः निष्कर्षतः कहा जा सकता है कि सरकार के द्वारा घोषित स्वास्थ्य संरक्षण योजना भारत की ही नहीं बल्कि विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य संरक्षण योजना है। इससे देश के गरीब एवं वंचित तबके को वृहत रूप में लाभान्वित किया जा सकेगा।

Posted on by