थॉमस जैफरसन के उपर्युक्त कथन का अभिप्राय यह है कि जब कोई सार्वजनिक पद किसी व्यक्ति को दिया जाता है तो उसे पूर्णतः निष्पक्ष होकर सार्वजनिक हित में ही उस पद का उपयोग करना चाहिए न कि स्वयं के हितों की पूर्ति के लिए।
वस्तुतः सार्वजनिक पद चाहे राजनीति से संबंधित हो या प्रशासन से, उनका सृजन सार्वजनिक हित के लिए ही किया जाता है। जो लोग इस पद को सार्वजनिक हित का माध्यम मानकर स्वीकार करते हैं उन्हें ही जनता का विश्वास मिल पाता है और प्रशासन जनकल्याणकारी स्वरूप प्राप्त कर पाता है।
भारतीय राजनीति के संबंध में इस कथन की प्रासंगिकता :
- भारत एक लोकतांत्रिक देश है जहाँ जनता अपने मताधिकार का प्रयोग कर जनप्रतिनिधियों का चयन करती है। इन जनप्रतिनिधियों के ऊपर ही जनता की सारी आशायें टिकी होती हैं अतः जनप्रतिनिधियों के लिए जरूरी है कि वे आम जनता के हित में कार्य करें।
- भारत में चुनावों को सत्ता प्राप्ति का एक माध्यम माना जाता है जबकि वास्तविकता यह है कि स्थानीय स्वशासन से लेकर संसद तक जो भी पद हैं वे सार्वजनिक हित के लिए हैं न कि व्यक्तिगत स्वार्थों की पूर्ति के लिए।
- यदि स्थानीय स्वशासन मसलन, पंचायतों, नगरपालिकाओं एवं विधानसभा तथा संसद के लिए निर्वाचित प्रत्येक सदस्य यह मान ले कि उसे आम जनता के हितों की पूर्ति के लिए निर्वाचित किया गया है और उसका दायित्व अपने क्षेत्रधिकार में आने वाले लोगों का वास्तविक विकास करना है तो निश्चित तौर पर सकारात्मक परिवर्तन आयेगा।
भारतीय नौकरशाही के संबंध में थॉमस जैफरसन के कथन की प्रासंगिकता :
- नौकरशाही स्थायी कार्यपालिका का अंग होती है। सरकार की योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का उत्तरदायित्व इन्हीं नौकरशाहों के ऊपर निर्भर करता है अतः इनका निष्पक्ष होना बहुत जरूरी है।
- जब नौकरशाह यह समझने लगेगा कि उसका कर्तव्य जनता की सेवा करना है तो निश्चित तौर बदलाव परिलक्षित होंगे।
- वर्तमान समय में अधिकांश नौकरशाह भ्रष्टाचार में लिप्त हैं जिससे सरकार की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है। यदि नौकरशाह स्वयं को सार्वजनिक संपत्ति समझें तो निश्चित तौर पर वे भ्रष्टाचार से दूर होकर ईमानदारी पूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।
निष्कर्षः निष्कर्षतः कहा जा सकता है कि थॉमस जैफरसन का कथन भारतीय राजनीति एवं नौकरशाही के संबंध में बहुत ही प्रासंगिक है। इसे लागू करके निश्चित तौर पर स्थिति को परिवर्तित किया जा सकता है।