किसी वस्तु की मात्रा, लंबाई , आकार आदि के लिए जिन राशियों का प्रयोग करते हैं और इससे प्राप्त संख्यात्मक मान को उस वस्तु की माप कहते हैं यह प्रक्रिया मापन कहलाती है ।
जिन राशियों के द्वारा भौतिक नियमों को व्यक्त किया जाता है उन्हें भौतिक राशियां कहते हैं यह दो प्रकार की होती हैं पहली सदिश राशि दूसरी अदिश राशि।
अदिश राशियां वह राशियां होती हैं जिन्हें व्यक्त करने के लिए मात्र परिमाण अर्थात संख्यात्मक मान की आवश्यकता होती है जिनमें दिशा नहीं होती है जबकि सदिश राशियां वह होती हैं जिन्हें व्यक्त करने के लिए परिमाण के साथ-साथ दिशा की आवश्यकता होती है।
जैसे द्रव्यमान, घनत्व, तापमान, समय, चाल ,आयतन आदि सभी अदिश राशियां हैं जबकि वेग ,विस्थापन, बल, बल आघूर्ण आदि सदिश राशियां हैं।
नोट - विस्थापन दूरी का ही एक रूप है जब दो बिंदुओं के बीच न्यूनतम दूरी होती है तब उसे हम विस्थापन कहते हैं अर्थात अब दूरी में दिशा शामिल हो गई है। इसी प्रकार जब चाल में दिशा सम्मिलित हो जाती है तब उसे वेग कहा जाता है अर्थात दोनों में परिमाण समान होता है।
इस प्रकार सदिश व अदिश राशियों का प्रयोग करते हुए सभी भौतिक नियमों को व्यक्त किया जाता है। इन राशियों को व्यक्त करने के लिए मात्रक का प्रयोग किया जाता है जो कुछ मानक के साथ निर्धारित किए गए हैं वर्तमान में हमारे सात मूल मात्रक और अन्य व्युत्पन्न मात्रक हैं।
मूल मात्रक का तात्पर्य- यह मात्रक अन्य से स्वतंत्र होते हैं यह किसी पर निर्भर नहीं होते हैं जबकि व्युत्पन्न मात्रक अन्य मात्रकों की सहायता से बनाए जाते हैं।
मूल मात्रक -
1. लंबाई का मूल मात्रक मीटर है। इसका प्रतीक m है।
2. द्रव्यमान का मूल मात्रक किलोग्राम है, इसका प्रतीक kg है।
3. समय का मूल मात्रक सेकंड है, इसका प्रतीक s है।
4. विद्युत धारा का मूल मात्रक एंपियर है, इसका प्रतीक A है।
5. ताप का मूल मात्रक केल्विन है इसे K से प्रदर्शित करते हैं।
6. ज्योति तीव्रता का मूल मात्रक कैंडेला है इसका प्रतीक cd है।
7. पदार्थ की मात्रा का मूल मात्रक मोल है इसका प्रतीक mol है।
इसके अलावा दो हमारे संपूरक मात्रक है पहला रेडियन इसके द्वारा वृत्त के कोण का मापन किया जाता है जबकि दूसरा स्टेरेडियन इसके द्वारा गोले का कोण मापा जाता है।
व्युत्पन्न मात्रक उपर्युक्त सात मूल मात्रकों की सहायता से बनाए जाते हैं जैसे क्षेत्रफल का मात्रक मीटर2 , आयतन का मात्रक मीटर3 है इसी प्रकार घनत्व ,चाल, वेग, त्वरण ,बल, दाब आदि के मात्रक मूल मात्रक से बनाए गए है।