पर्णहरित, हरितलवक, पर्ण हरिम या क्लोरोफिल एक प्रोटीनयुक्त जटिल रासायनिक यौगिक है। यह वर्णक पत्तों के हरे रंग का कारण है। यह प्रकाश-संश्लेषण का मुख्य वर्णक है। इसे फोटोसिन्थेटिक पिगमेंट भी कहते हैं। इसका गठन कार्बन, ऑक्सीजन, नाइट्रोजन तथा मैग्निसियम तत्वों से होता है। क्लोरोफिल-ए तथा क्लोरोफिल-बी दो प्रकार का होता है। यह सभी स्वपोषी हरे पौधों में पाया जाता है।
क्लोरोफिल के साथ साथ दो अन्य वर्णक कैरोटीन (C40 H56) और ज़ैथोफ़िल (C40 H56 O2) भी पत्तों में पाए जाते हैं।
क्लोरोफिल, हीमोग्लोबिन से बहुत कुछ समानता रखता है। हीमोग्लोबिन मानव तथा अन्य प्राणियों के रक्त का आवश्यक अवयव है। इनमें कुछ अंतर भी है। क्लोरोफिल मोम सा पदार्थ है। हीमोग्लोबिन हीम और ग्लोबिन का आणविक यौगिक है। क्लोरोफिल वस्तुत: एस्टर प्रकार का यौगिक है, जिसमें मेथिल और फीटोल ऐल्कोहल संयुक्त हैं।
क्लोरोफिल के जलविश्लेषण से मेथिल और फीटोल ऐल्कोहलों के साथ-साथ कार्बोक्सीलिक अम्लों के लवण प्राप्त होते हैं, जिन्हें क्लोरोफिलिन कहते हैं। क्लोरोफिलिन में अब भी मैग्नीशियम रहता है, जिसके कारण उसका रंग हरा होता है। यदि क्लोरोफिल का जल विश्लेषण क्लोरोफिलेज नामक एंजाइम में किया जाय, तो जो उत्पाद प्राप्त होता है उसे क्लोरोफिलाइड कहते हैं। क्लोरोफिलाइड सूक्ष्म क्रिस्टलीय पदार्थ है, जबकि क्लोरोफिल अक्रिस्टली होता है। अम्लों के उपचार से मैग्निशियम निकल जाता है और अब जो उत्पाद प्राप्त होता है उसे पॉरफिरिन कहते हैं। पॉरफिरिन में अम्ल और क्षार दोनों के गुण होते हैं। विभिन्न अवस्थाओं में विभिन्न अभिकर्मकों के उपचार से क्लोरोफिल से अनेक उत्पाद प्राप्त हुए हैं, जिनसे पता लगता है कि क्लोरोफिल में पाइरोल केंद्रक रहते हैं। इन उत्पादों के संघटन के आधार पर क्लोरोफिल का फिशर ने एक रासायनिक सूत्र 1939 ई. में दिया था।