भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 377 वर्ष 1861 में अस्तित्व में आई। धारा 377 के मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति किसी महिला, पुरुष अथवा जानवर के साथ अप्राकृतिक रूप से यौन संबंध बनाता है तो उसे उम्रकैद या जुर्माने के साथ 10 साल तक कैद की सज़ा हो सकती है।
सुप्रीम कोर्ट ने समलैंगिकता को अपराध की श्रेणी से बाहर करते हुए आईपीसी की धारा 377 के कुछ हिस्सों को निरस्त कर दिया है।कोर्ट ने समलैंगिकों के बीच सहमति से बने यौन संबंधों को अपराधमुक्त कर दिया है।
तेलंगाना मंत्रिमंडल ने कार्यकाल खत्म होने से 9 महीने पहले राज्य की पहली विधानसभा को भंग करने की सिफारिश कर दी है जिसे राज्यपाल ई.एस.एल. नरसिम्हन ने स्वीकार कर लिया।
सरकार ने अमेरिकी दवा कंपनी जॉनसन ऐंड जॉनसन को दोषपूर्ण हिप इंप्लान्ट से प्रभावित मरीज़ों को तत्काल ₹20-₹20 लाख का अंतरिम मुआवज़ा देने का निर्देश दिया है। भारत में 4,700 मरीज़ दोषपूर्ण हिप इंप्लान्ट से प्रभावित हैं।
नैशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) ने फोर्टिस हेल्थकेयर के को-फाउंडर शिविंदर सिंह की याचिका पर सुनवाई करते हुए उनके बड़े भाई मालविंदर सिंह और रेलीगेयर के पूर्व एमडी सुनील गोधवानी को नोटिस जारी कर 10 दिन के भीतर जवाब मांगा है।
'पाकिस्तानी न्यूक्लियर फोर्सेज़ 2018' रिपोर्ट में बताया गया है कि पाकिस्तान 2025 तक दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा परमाणु हथियार संपन्न देश हो जाएगा।
फेसबुक एशिया का अपना पहला डेटा सेंटर सिंगापुर में खोलने के लिए करीब ₹7,190 करोड़ निवेश करेगी जो 2022 में शुरू हो सकता है।
गूगल ने वैज्ञानिकों, डेटा जर्नलिस्ट और अन्य लोगों को उनके काम संबंधी डेटा ढूंढने में मदद के लिए नया सर्च इंजन 'डेटासेट सर्च' लॉन्च किया है।
भारत और फ्रांस ने 'गगनयान' पर साथ मिलकर काम करने के लिए 'कार्यकारी समूह' समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
भारतीय दवा कंपनी अरबिंदो फार्मा ने ₹6,475 करोड़ में सैंडोज़ के अमेरिकी कारोबार का कुछ हिस्सा खरीदने के लिए करार किया है। सौदे के बाद कंपनी अमेरिका में दूसरी सबसे बड़ी डर्मेटोलॉजी और जेनेरिक कंपनी बन जाएगी।
भारत और अमेरिकी विदेश और रक्षा मंत्रियों की पहली 'टू-प्लस-टू' वार्ता के बाद दोनों देशों के बीच तकनीकों के आदान-प्रदान को लेकर 'COMCASA' समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
6 सितंबर 1915 को दुनिया का पहला प्रोटोटाइप टैंक 'लिटिल विलि' पेश हुआ था,बाद में दूसरा प्रोटोटाइप 'बिग विलि' पेश हुआ और द्वितीय विश्व युद्ध में इन टैंकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एशियन गेम्स 2018 के दौरान स्वर्ण पदक जीतने वाले 16 वर्षीय शूटर सौरभ चौधरी ने ISSF विश्व चैंपियनशिप में 10 मीटर एयर पिस्टल जूनियर स्पर्धा जीतकर अपना ही विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है।