प्रश्न 1.
लोकसभा (हाउस ऑफ पीपल) का सर्वप्रथम गठन कब हुआ था ?
उत्तर.
25 अक्तूबर 1951 से 21 फरवरी 1952 तक पहले आम चुनावों के पश्चात 17 अप्रैल 1952 को सर्वप्रथम लोक सभा का गठन हुआ था।
प्रश्न 2.
लोकसभा का प्रथम सत्र कब आयोजित हुआ ?
उत्तर.
लोकसभा का प्रथम सत्र 13 मई 1952 को आरंभ हुआ।
प्रश्न 3.
लोक सभा को लोकप्रिय चैम्बर क्यों कहा जाता है ?
उत्तर.
वयस्क मताधिकार के आधार पर प्रत्यक्ष निर्वाचन द्वारा चुने गए प्रतिनिधि लोक सभा के सदस्य होते हैं। अतएव, इसे लोकप्रिय चैम्बर कहते हैं।
प्रश्न 4.
लोकसभा का प्रथम अध्यक्ष कौन था ?
उत्तर.
श्री जी. वी. मावलंकर लोकसभा के प्रथम अध्यक्ष थे (15 मई 1952 – 27 फरवरी 1956)
प्रश्न 5.
लोकसभा का प्रथम उपाध्यक्ष कौन था ?
उत्तर.
श्री एम अनंतशयनम अय्यंगर लोकसभा के प्रथम उपाध्यक्ष थे (30 मई 1952 – 7 मार्च 1956)
लोकसभा की संरचना के बारे में प्रश्न
प्रश्न 6.
संविधान में यथानिर्धारित लोकसभा की सदस्य संख्या कितनी है ?
उत्तर.
संविधान के अनुसार लोक सभा में राज्यों के क्षेत्रीय निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्यक्ष चुनाव द्वारा चुने गए पाँच सौ तीस से अनधिक सदस्य, संघ राज्य क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के लिए 20 से अनधिक सदस्य (अनुच्छेद 81) और यदि राष्ट्रपति की यह राय है कि लोकसभा में आंग्ल भारतीय समुदाय का प्रतिनिधित्व पर्याप्त नहीं है तो राष्ट्रपति द्वारा मनोनीत किए गए उस समुदाय के दो से अनधिक सदस्य शामिल हैं (अनुच्छेद 331) । राज्यों के क्षेत्रीय निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्यक्ष चुनाव द्वारा चुने गए सदस्य संख्या की सीमा बढ सकती है, यदि ऐसा संसद के अधिनियम द्वारा राज्यों के पुनर्गठन की वजह से हुआ हो ।
.प्रश्न 7.
लोक सभा का कार्यकाल कितना है ?
उत्तर.
लोकसभा का सामान्य कार्यकाल पांच वर्षों का है किन्तु इसे राष्ट्रपति द्वारा पहले भी विघटित किया जा सकता है। संविधान के अनुच्छेद 352 के अंतर्गत आपातकाल के प्रख्यापन के प्रभावी होने की अवधि के दौरान स्वयं संसद द्वारा पारित अधिनियम द्वारा सामान्य कार्यकाल को बढ़ाया जा सकता है। इस अवधि को एक बार में एक वर्ष से अधिक नहीं बढाया जा सकता और किसी भी प्रकार प्रख्यापन के समापन की अवधि से छह माह से अधिक नहीं बढाया जा सकता है।
प्रश्न 8.
लोकसभा की गणपूर्ति क्या है ?
उत्तर.
सभा के कुल सदस्यों की संख्या के एक तिहाई को अनुच्छेद 100(3) के अंतर्गत सभा की बैठक के लिए गणपूर्ति माना जाता है।
प्रश्न 9.
सत्रहवीं लोकसभा में किस दल के सदस्यों की संख्या सर्वाधिक है ?
उत्तर.
सभा में सर्वाधिक संख्या वाला दल भारतीय जनता पार्टी (301 सदस्य) है जिसके बाद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस है (53 सदस्य) है।
प्रश्न 10.
लोक सभा के सदस्य होने के लिए क्या योग्यताएँ हैं ?
उत्तर.
लोक सभा का सदस्य होने के लिए किसी व्यक्ति को भारत का नागरिक होना चाहिए तथा 25 वर्ष से कम आयु का नहीं होना चाहिए तथा अन्य ऐसी अर्हताएँ होनी चाहिए, जो संसद द्वारा निधारित की जाएं या इसके द्वारा बनाए गए कानून द्वारा निर्धारित की जाएं। (अनु.84)