जीव विज्ञान - कोशिका : द्विगुणित व अगुणित कोशिका

द्विगुणित व अगुणित कोशिका (Diploid and Haploid Cells) -

         प्रत्येक जाति की कोशिका में गुणसूत्रों की संख्या निश्चित होती है| चूहे की कोशिका में 40, आलू में 48, कुत्ते में 64 व मनुष्य में 46 गुणसूत्र होते हैं| परंतु ये जोड़ों में होते हैं, अर्थात् चूहे में 20 जोड़े, आलू में 24 जोड़े, कुत्ते में 32 जोड़े व मनुष्य में 23 जोड़े गुणसूत्र होते हैं। प्रत्येक जोड़े के दोनों गुणसूत्र एक ही लंबाई व आकार के होते हैं तथा एक जैसे लक्षणों को निर्धारित करते हैं। उदाहरण के तौर पर जोड़े का एक गुणसूत्र यदि आंख के रंग, लम्बाई, बालों के प्रकार का नियंत्रण करता है, तो उसी जोड़े का दूसरा गुणसूत्र भी इन्हीं लक्षणों को निर्धारित करता है। इसलिए प्रत्येक जोड़े के दोनों गुणसूत्र एक-दूसरे के समजात गुणसूत्र कहलाते हैं। इस प्रकार हम कह सकते हैं कि मानव कोशिका मैं 23 जोड़े समजात गुणसूत्र होते हैं।

                जब किसी कोशिका में सभी गुणसूत्र जोड़ों के रूप में हों - जैसे मानव कोशिका में 23 जोड़े (23 *2  = 46)-तब यह कोशिका द्विगुणित कहलाती है। परंतु लैंगिक जनन कोशिकाओं- युग्मकों- में गुणसूत्रों की संख्या आधी रह जाती है। आधी से यह तात्पर्य है कि प्रत्येक समजाती जोड़े में से केवल एक-एक गुणसूत्र युग्मक कोशिका में रह जाता है। ऐसी कोशिका को अगुणित कहते हैं कोशिका में गुणसूत्रों की संख्या आधी रह जाए इसके लिए एक विशेष प्रकार का विभाजन जननांगों की कोशिकाओं में होता है जिसे अर्धसूत्री विभाजन कहते हैं।

Posted on by