भारत विश्व का सातवाँ सबसे बड़ा देश है। इसका क्षेत्रफल 32,87,263 किमी है तथा यह दक्षिण एशिया का एक महत्वपूर्ण देश है। इसकी मुख्य भूमि 8°4' उत्तरी अक्षांश से 37°6' उत्तरी अक्षांश तक तथा 68°7' पूर्वी देशांतर से 97°25' पूर्वी देशान्तर तक फैली हुई है। भारत का विस्तार बहुत विशाल है। इसकी उत्तर दक्षिण दिशा में अधिकतम लम्बाई 3,214 किमी. तथा पश्चिम- पूर्व दिशा में अधिकतम चौड़ाई 2933 किमी है। कर्क रेखा इसके मध्य भाग से होकर गुजरती है। भारत हिन्द महासागर के उत्तरी छोर पर स्थित है। 22° उत्तरी अक्षांश के दक्षिण की ओर भारत निरन्तर कम चौड़ा होता जाता है तथा लगभग 1600 किमी की दूरी तक यह एक वेज की भांति हिन्द महासागर में प्रवेश करता हुआ इस महासागर को दो सगरो में , पूर्व में बंगाल की खाड़ी और पश्चिम में अरब सागर में बांटता है।
भारत सुदूर पूर्व तथा मध्य पूर्व के बीच स्थित है। हिन्द महासागर को पार करते हुए पश्चिम में औद्योगिक रूप से विकसित यूरोपीय देशों तथा पूर्व एशिया के कम विकसित देशों को मिलने वाले समुद्री मार्ग भारत के निकट से होकर गुजरते हैं, क्योंकि भारत की दक्षिणी एशिया में केंद्रीय स्थिति है, अतः इसे आस्ट्रेलिया, अफ्रीका, मध्यपूर्व तथा सुदूरपूर्व के देशों के साथ व्यापार करने में सुविधा है। इस प्रकार भारत का हिन्द महासागर पर प्रभुत्व है तथा सामरिक दृष्टि से इसकी स्थिति बहुत महत्वपूर्ण है। इसकी स्थल सीमा 15,200 किमी लम्बी है। इसकी उत्तरी सीमा भूमि पर्वतीय क्षेत्र होने के कारण इसे पार करना बहुत कठिन है और यह शुष्क, लगभग बंजर तथा अति विरल जनसंख्या वाले मध्य एशियाई प्रदेशों केे साथ व्यापार की दृष्टि से बहुत कम परिवहन सुविधाएं प्रदान करती है। भारत अपने विदेशी व्यापार के अधिकांश भाग के लिए हिन्द महासागर पर निर्भर है।