यूरोप के काष्ठ लुग्दी उद्योग का प्रबन्धन उत्तरी अमेरिका से बेहतर है। इस उद्योग का सर्वाधिक विकास स्कैण्डिनेविया प्रायद्वीप तथा फ़िनलैंड में हुआ है । इस प्रदेश में कम लागत पर लुग्दी का उत्पादन होता है। उत्तरी शंकु धारी वनों से काष्ठ की निरन्तर सप्लाई होती रहती है । भारी बारिश तथा विषम धरातल के कारण प्रचुर स्वच्छ जल तथा सस्ती जलविद्युत शक्ति का उत्पादन होता है। यूरोप में रासायनिक लुग्दी से कागज बनाया जाता है। यूरोप के लुग्दी उत्पादक प्रदेश बड़ी मात्रा में अखबारी कागज का उत्पादन करते हैं। यूरोप में यह उद्योग सघन रूप से संकेंद्रित है। अतएव बड़ी मात्रा में लुग्दी का निर्यात किया जाता है । कागज के कारखाने लुग्दी उत्पादन तथा बाजार क्षेत्रो के निकट स्थित हैं। इसके विपरीत , यूनाइटेड किंगडम में लुग्दी की कमी है, फिर भी यहाँ कागज उत्पादन महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहाँ सघन तथा शिक्षित आबादी का संकेन्द्रण पाया जाता है। अधिकांश यूरोपीय देशों के कागज के कारखानों की अवस्थिति के प्रमुख कारण निम्नलिखित हैं -
- उपभोग क्षेत्रो की निकटता,
- जल एवं स्थल परिवहन की निकटता।
- प्रचुर मात्रा में मृदु जल की उपलब्धता।
- शक्ति के साधन।
यूरोप में जर्मनी , फ़िनलैंड, स्वीडन, फ्रांस, इटली, यूनाइटेड किंगडम, रूस,आस्ट्रिया, स्पेन, नीदरलैंड्स, नार्वे तथा बेल्जियम क्रमशः महत्वपूर्ण कागज उत्पादक देश हैं।