अब्दुल कलाम द्वीप से अग्नि-5 मिसाइल का सफल परीक्षण

स्वदेश में विकसित अग्नि-5 मिसाइल 5,000 किलोमीटर की दूरी तक लक्ष्य भेदने में सक्षम है। यह तीन चरणों में मार करने वाली मिसाइल है जो 17 मीटर लंबी, दो मीटर चौड़ी है और 1.5 टन तक के परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है।
अग्नि-5 मार्ग और दिशा-निर्देशन, विस्फोटक ले जाने वाले अगले हिस्से और इंजन के लिहाज से सबसे उन्नत है।
इस मिसाइल का परीक्षण 10 दिसंबर को बंगाल की खाड़ी के डॉ अब्दुल कलाम द्वीप पर इंटिग्रेटेड टेस्ट रेंज (आईटीआर) के लॉन्च पैड संख्या चार से एक मोबाइल लॉन्चर से किया गया।
तीन जून, 2018 को हुआ था आखिरी परीक्षण
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के अधिकारियों के मुताबिक इस मिसाइल को लक्ष्य बिंदु को सटीकता से भेदने के लिए डिजाइन किया गया है। यह मिसाइल उसमें लगे कंप्यूटर से निर्देशित होगा। सामरिक बल कमान और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा विकसित मिसाइल नौवहन और निर्देशन, मुखास्त्र और इंजन के संदर्भ में बहुत उन्नत है।
यह अत्याधुनिक अग्नि-5 बैलिस्टिक मिसाइल का सातवां परीक्षण था। इसका पिछला परीक्षण तीन जून, 2018 को हुआ था।
Posted on by