पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान में स्मारक सिक्का जारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान में 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया।

इस सिक्के पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीर है। बता दें, कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती है। इसी मौके पर स्मारक सिक्का जारी किया गया है।

सिक्के के बारे में

सिक्के की दूसरी तरफ अशोक स्तंभ है। सिक्के के एक तरफ पूर्व प्रधानमंत्री का पूरा नाम देवनागरी और अंग्रेजी में लिखा गया है। वहीं, तस्वीर के निचले हिस्से में वाजपेयी का जन्म वर्ष 1924 और देहांत का वर्ष 2018 अंकित किया गया है।

इस सिक्के का वजन 35 ग्राम है। सिक्के की बांयी परिधि पर देवनागरी लिपि में भारत और दांयी तरफ अंग्रेजी में इंडिया लिखा गया है।

इस सिक्के में 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, पांच प्रतिशत निकिल और पांच प्रतिशत जस्ता होगा। 100 रुपये की कीमत वाला यह सिक्का प्रचलन में नहीं आएगा।

भारत सरकार सिक्के की बुकिंग के लिए समय तय करेगी और इसे प्रीमियम दरों पर बेचा जाएगा। इसे टकसाल से सीधे भी खरीदा जा सकेगा।

Posted on by