सुधीर भार्गव बने नए मुख्य सूचना आयुक्त
केंद्र सरकार ने सुधीर भार्गव को नया मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया है. इसके अलावा केन्द्रीय सूचना आयोग में चार नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति भी की गई है।
केंद्रीय सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त समेत सूचना आयुक्तों के 11 स्वीकृत पद हैं, लेकिन उसे अभी सिर्फ तीन सूचना आयुक्तों के साथ काम करना पड़ रहा था।
सुधीर भार्गव, जो कि सीआईसी में सूचना आयुक्त हैं, उन्हें आयोग का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पूर्व आईएफएस अधिकारी यशवर्धन कुमार सिन्हा, पूर्व आईआरएस अधिकारी वनजा एन सरना, पूर्व आईएएस नीरज कुमार गुप्ता और पूर्व विधि सचिव सुरेश चंद्र की केंद्रीय सूचना आयोग में सूचना आयुक्त के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दी है।
सिन्हा 1981 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी थे. वह ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त भी रह चुके हैं।
सीआईसी में सरना एकमात्र महिला सूचना आयुक्त होंगी। 1980 बैच की भारतीय राजस्व सेवा (सीमा शुल्क और उत्पाद शुल्क) अधिकारी रहीं सरना केंद्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीईसी) की प्रमुख थीं।
रेलवे बोर्ड ने वीके यादव को नया अध्यक्ष नियुक्त किया
नरेंद्र मोदी सरकार से सेवा विस्तार मिलने के मजबूत संकेतों के बीच रेलवे बोर्ड के श्री अश्वनी लोहानी सोमवार को सेवानिवृत्त हो गए।कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने दक्षिण मध्य रेलवे के महाप्रबंधक वीके यादव को रेलवे का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
नए अध्यक्ष यादव भारतीय इलेक्ट्रिकल इंजीनियर रेलवे सेवा के 1980 के बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने फरवरी 1982 में सहायक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के रूप में करियर शुरू किया था।पिछले साल अगस्त में उत्तर प्रदेश के औरैया के पास कैफियत एक्सप्रेस के पटरी से उतरने पर ए के मित्तल के इस्तीफे के बाद अश्वनी लोहानी को रेलवे बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया था।
वीके यादव के बारे में कुछ जानकारी
1.वीके यादव भारतीय इलेक्ट्रिकल इंजीनियर रेलवे सेवा के 1980 बैच के अधिकारी हैं।
2.उन्होंने फरवरी 1982 में सहायक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के रूप में करियर शुरू किया था।
3.यूपी में गोरखपुर के मूल निवासी वीके यादव ने ऑस्ट्रेलिया की ला ट्रोबे यूनिवर्सिटी से एमबीए और इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की है।