एससी-एसटी कानून में संशोधन पर रोक से सुप्रीम कोर्ट का फिर से इनकार

  • सुप्रीम कोर्ट ने एससी-एसटी कानून में संशोधनों पर रोक लगाने से 30 जनवरी 2019  को फिर इनकार कर दिया और कहा कि केंद्र की पुनर्विचार याचिका समेत सभी मामलों पर 19 फरवरी को सुनवाई की जाएगी।

  •  जस्टिस यू यू ललित की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि इस मामले पर विस्तार से सुनवाई की आवश्यकता है और सभी मामलों पर 19 फरवरी को सुनवाई करना उचित होगा।

  • कानून में किए गए बदलावों को चुनौती देने वाले याचिकाकर्ताओं में से एक की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील विकास सिंह ने इन संशोधनों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की लेकिन पीठ ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। 

  • कोर्ट ने 25 जनवरी को कहा था कि वह एससी-एसटी अधिनियम 2018 के संशोधनों को चुनौती देने वाली याचिकाओं एवं केंद्र की पुनर्विचार याचिका को उचित पीठ के समक्ष एक साथ सूचीबद्ध करने पर विचार करेगा। इससे पहले शीर्ष अदालत ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (उत्पीड़न की रोकथाम) संशोधन कानून, 2018 पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। इस संशोधित कानून के जरिए आरोपी को अग्रिम जमानत नहीं दिए जाने के प्रावधान को बहाल किया गया है।

Posted on by