संयुक्त राष्ट्र शैक्षणिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) युक्त राष्ट्र संघ का एक अनुषंगी निकाय है जिसकी स्थापना नवंबर 1945 में लंदन में सम्मेलन के दौरान की गई थी।
वर्तमान में 195 देश इसके सदस्य सदस्य व 11 सहयोगी सदस्य हैं।
इसका मुख्यालय पेरिस (फ्राँस) में स्थित है।
यह देश भर में फैले अपने राष्ट्रीय, क्षेत्रीय व क्लस्टर क्षेत्रों की सहायता से अपनी गतिविधियां संचालित करता है।
भारत 04 नवंबर, 1946 से इसका पूर्णकालिक सदस्य है।
इस संगठन का उद्देश्य शिक्षा एवं संस्कृति के क्षेत्र में विभिन्न राष्ट्रों और समुदायों के मध्य सहयोग स्थापित कर वैश्विक शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देना है।
अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए यूनेस्को सदस्य राष्ट्रों में शिक्षा, प्राकृतिक विज्ञान, सामाजिक व मानव विज्ञान, संस्कृति, सूचना एवं संचार के क्षेत्र में तकनीकी एवं विशेषज्ञ सहायता कार्यक्रम, अध्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम, मीडिया तथा प्रेस की स्वतंत्रता को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रमों का संचालन करता है।
इसके अलावा, युनेस्को विभिन्न समुदायों के मध्य अंतर - सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देने के लिए सांस्कृतिक विविधता के संरक्षण को आवश्यक मानता है। इसीलिये यूनेस्को ने अमूल्य वैश्विक सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए कार्यक्रम विश्व विरासत कार्यक्रम की शुरुआत की है ताकि मानवता की साझी विरासत को संरक्षित किया जा सके।