हाल ही में देश मे एक फिल्म के सार्वजनिक प्रदर्शन को लेकर काफी बड़ा विवाद सामने आया। एक विशेष वर्ग के युवाओं की बेकाबू भीड़ ने फिल्म निर्देशक तथा टीम के अन्य सदस्यों के साथ अभद्रता की। इनका कहना है कि सम्बंधित फिल्म एक विशेष वर्ग की भावनाओं को आहत करती है। हालाँकि बाद में जब केन्द्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड एवं सर्वोच्च न्यायालय के द्वारा फिल्म के सार्वजनिक प्रदर्शन को अनुमति दे दी गयी फिर भी युवाओं को बेकाबू भीड़ प्रदर्शन करती रही। क्या एक सभ्य समाज में ऐसी घटनायें शोभा देती हैं। (a) इस मुद्दे में निहित नैतिक एवं कानूनी मुद्दों का उल्लेख कीजिए। (b) ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए आप कौन से कदम सुझायेंगे।
आपको हाल ही में एक नक्सलवादी बहुल इलाके में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात किया गया है। आपने नक्सलवादियों के विरूद्ध कार्यवाही की विस्तृत रूपरेखा तैयार की है क्योंकि उन्होंने आपके द्वारा प्रस्तुत वार्तालाप के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है एक दिन आप अपने विशेष टीम के साथ जंगल में काँविंग के दौरान एक कुख्यात नक्सलवादी नेता को गिरफ्तार करने में सफल हो जाते हैं। किंतु अगले ही दिन नक्सलवादी आपके विभाग के चार पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लेते हैं। इन चार पुलिसकर्मियों को छोड़ने के एवज में वे आपसे आपके द्वारा गिरफ्तार किये गये नक्सली नेता को छोड़ देने की माँग रखते हैं। अन्यथा न छोड़ने की स्थिति में गिरफ्तार चारों पुलिसकर्मियों को जान से मार देने की धमकी दी है। चूँकि चारों पुलिसकर्मी अपने घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं अतः उनके घरवालों का भी आपके ऊपर दबाव है। (a) ऐसी स्थिति में आपके समक्ष कौन से विकल्प मौजूद हैं। (b) प्रत्येक विकल्प का समुचित मूल्यांकन कीजिए। (c) आप किस विकल्प का चयन करेंगे? अपनी कार्यवाही का क्रम बताइए।
आप रेलवे में यात्रा कर रहे हैं। चूँकि आपको रिजर्व टिकट नहीं मिल सका है अतः आप जनरल कोच में ही सवारी कर रहे हैं। अचानक एक वृद्ध महिला उस ट्रेन पर सवार होती है जिसे खड़े होने में समस्या महसूस हो रही थी। आप उस वृद्ध महिला की स्थिति को देखकर उसे अपनी सीट ऑफर कर देते है। किंतु जैसे ही आप खड़े होते हैं, आपके बगल में खड़ा एक व्यक्ति आपकी सीट में बैठ जाता है। यद्यपि आप उसे यह समझाने का प्रयास करते हैं कि आपने अपनी सीट उसके लिए नहीं बल्कि वृद्ध महिला के लिए छोड़ी है किंतु आपकी बातों की ओर वह कोई ध्यान नहीं देता है। (a) बताइए कि ऐसी स्थिति में आपके पास कौन-कौन से विकल्प मौजूद हैं। (b) इन विकल्पों का समुचित मूल्यांकन कीजिए। (c) आपके द्वारा कौन सा विकल्प चुना जायेगा? समुचित कारण बताइए।
आप भीड़भाड़ से युक्त सड़क में यात्राकर रहे हैं। आपको ट्रेफिक सिग्नल में एक स्थान पर अपने वाहन को खड़ा करना पड़ता है। अचानक एक 13 वर्षीय लड़की आती है और आपसे भोजन के लिए कुछ पैसे माँगती है। वह आपको बताती है कि उसने पिछले दो दिनों से कुछ भी नहीं खाया है। आपको उस पर दया आ जाती है और आप अपना वॉलेट बाहर निकालते हैं। किंतु जैसे ही आप उसे रूपये देने के लिए वॉलेट खोलते हैं वह वॉलेट छीनकर भागने का प्रयास करती है। जब अन्य लोग उसे ऐसा करते हुए देखते हैं तो वे उसको पकड़ लेते हैं और उसकी बीच सड़क में ही पिटाई शुरू कर देते हैं। कुछ लोग उसे पुलिस को सौंपने की बात भी कहते हैं। a) ऐसी स्थिति में आपके सामने क्या विकल्प उपलब्ध हैं? b) प्रत्येक विकल्प का समुचित मुल्यांकन कीजिए। c) आप कौन सा विकल्प चुनेंगे सविस्तार स्पष्ट कीजिए ?
पर्यावरण के बिना किसी प्रकार का जीवन संभव नहीं हो सकता है, स्पष्ट कीजिए। किन नैतिक वजहों से हमें पर्यावरण को नष्ट करने का कोई अधिकार नहीं है?
एक बेहतर नेतृत्वकर्ता के लिए अच्छा स्वभाव एवं सशक्त भावनात्मक बुद्धिमत्ता का होना जरूरी है, स्पष्ट कीजिए। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में अच्छे स्वभाव एवं सशक्त भावनात्मक बुद्धिमत्ता की जरूरत क्यों है?
समभाव एवं स्थिरचित्तता से आप क्या समझते हैं, सविस्तार स्पष्ट कीजिए? सार्वजनिक प्रशासन में समभाव एवं स्थिर चित्तता का क्या महत्व है?
सच्ची सत्यनिष्ठा से आप क्या समझते हैं, सविस्तार स्पष्ट कीजिए? भारतीय राजनीतिक एवं सार्वजनिक प्रशासन के संदर्भ में सत्यनिष्ठा का क्या महत्व है?
देश में आरक्षण विरोधी आन्दोलन तीव्र गति से उत्पन्न हो रहे हैं। इनके पीछे कौन से प्रमुख कारण हैं, स्पष्ट कीजिए? क्या देश की युवा आबादी को गुणक्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करके और कौशल प्रदान करके इस आरक्षण विरोधी मानसिकता को कम किया जा सकता है?